ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव अमरपुर में भारत एक्सप्लोसिव फैक्टरी के कर्मचारियों पर पूर्व प्रधान को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे (एनएच-44) की दोनों सड़कों पर जाम लगाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने छह नामजद एवं 150 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक हरिनाथ सिंह ने दी तहरीर में बताया कि तीस जुलाई को पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ अमरपुर मंडी के सामने फैक्टरी की जमीन पर अवैध अतिक्रमण हटवाने हेतु गए थे कि कार्रवाई के दौरान ग्राम अमरपुर निवासी भैय्यन यादव द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगा लेने के कारण गांव के लोग आक्रोशित हो गए। जिनमें ग्राम अमरपुर निवासी कल्यान सिंह उर्फ कल्लू यादव, कमल सिंह यादव, गोविंददास, सुुखपाल, सुखसाहब यादव एवं गजराज यादव के अलावा 150 अज्ञात लोगों द्वारा एक राय होकर जानबूझकर एनएच-44 को दोनों तरफ से बंद कर जाम लगा दिया गया। जिस कारण सभी माल और सवारी वाहन खड़े हो गए। जाम करीब दो घंटे लगा रहा। कोतवाली पुलिस ने मामले मेें छह नामजद एवं 150 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।