ललितपुर। थाना सौजना क्षेत्र के ग्राम छापछौल के पास मध्य प्रदेश सीमा से सटे नाले के पास हुए विवाद में गोली मारकर घायल करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में मध्य प्रदेश के थाना बड़ागांव पुलिस ने ग्राम छापछौल में घायल समेत चार आरोपियों पर जान से मारने के प्रयास के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ के थाना बड़ागांव अंतर्गत ग्राम कैनवार निवासी कृष्णा यादव पुत्र घनश्याम यादव ने थाना बड़ागांव में तहरीर देकर बताया कि बीते 22 दिसंबर को दोपहर डेढ़ बजे वह ग्राम कैनवार से भदौरा पेट्रोल पंप की तरफ बाइक से ट्रैक्टर के लिए डीजल लेने जा रहा था। तब वहां नाले के पास बालमुकुुंद जमींदार पुत्र मुन्नीलाल यादव के खेत के पास ग्राम छापछौल निवासी छोटू राजा पुत्र गोविंद सिंह, छोटू राजा ठाकुर पुत्र केहर सिंह, अखंड प्रताप सिंह पुत्र गोविंद सिंह, संजू राजा पुत्र शत्रुघ्न सिंह आए और उसे मारने लगे। तभी उसके गांव के नीरज, बालमुकुंद, निर्भय व पुष्पेंद्र ने बीच बचाव किया। फिर उसे छुड़ाकर वह वापस अपने खेत की ओर चले गए। तभी लगभग दस मिनट बाद जब वह खेत पर बैठा था, उसी समय उक्त चारों आरोपी फिर से आए और गालियां देते हुए मारने को आमादा हुए। तभी छोटू राजा पुत्र केहर सिंह ने देशी कट्टा से जान से मारने की नीयत से गोली चला दी और उसने चार राउंड फायर किए। जिससे एक गोली उसके पिता घनश्याम यादव को पीठ में लगी, जिससे उसके पिता घायल हो गए। जिन्हें वह मोटरसाकिल से बड़ागांव अस्पताल ले गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल टीकमगढ़ रेफर कर दिया। थाना बड़ागांव पुलिस ने उक्त मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।