संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्वयं सहायता समूह की महिला द्वारा संचालित राशन की दुकान पर खाद्यान्न वितरण में अनियमिता, कार्ड धारकों से अभद्रता करने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद दुकान को निलंबित कर दिया गया।
ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम रमेशरा में स्वयं सहायता समूह की महिला द्वारा राशन की दुकान संचालित की जा रही थी। खाद्यान्न वितरण में अनियमितता व लोगों से अभद्रता करने की शिकायत ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में की थी। इसकी जांच 23 जनवरी को पूर्ति निरीक्षक द्वारा की गई थी। जांच अधिकारी ने जांच की तो राशन की दुकान बंद मिली। रेट बोर्ड, साइन बोर्ड, अंत्योदय कार्डधारकों की सूची नहीं मिली। ऑनलाइन वितरण की समीक्षा करने पर ग्राम पंचायत में विक्रेता द्वारा करीब 27 फीसदी राशन वितरण होना पाया, जबकि जनवरी का वितरण 10 जनवरी से 25 जनवरी तक ही किया जाना था। जांच अधिकारी ने राशन कार्ड धारकों के बयान भी दर्ज किए। जांच अधिकारी ने अपनी आख्या जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को प्रेषित की। उपजिलाधिकारी मड़ावरा ने ग्राम रमेशरा की दुकान को निलंबित कर दिया और उक्त दुकान को ग्राम पंचायत सैदपुर से संबद्ध कर स्पष्टीकरण मांगा है।