अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल, वसूले दो लाख, आरोपी पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर किशोरी को होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बनाया। इसके बाद रुपये मांगने और न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एक मोहल्ले की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन मार्च की सुबह उसकी 17 वर्षीय पुत्री कमरे में रो रही थी। कारण पूछा तो उसने बताया कि अयाज अब्बास रिजवी निवासी पेशनबाद कॉलोनी दुबग्गा चौराहा, लखनऊ भोर में करीब चार बजे कमरे में आया था और उससे 10 हजार रुपये मांगे थे। उसने पांच हजार रुपये दे दिए थे। आरोपी नाराज हो गया और धमकी दी कि वह उसका अश्लील वीडियो परिजनों को भेजकर बदनाम कर देगा। वीडियो के संबंध में लड़की ने बताया कि अक्टूबर 2022 में चचेरी बहन के साथ पिसनारी बाग राजघाट रोड स्थित एक होटल में एक प्रोग्राम में शामिल होने गई थी। वहां उसकी मुलाकात अयाज अब्बास रिजवी से हुई। इंस्टाग्राम के माध्यम से वह मैसेज भेजकर उससे चैटिंग करने लगा। फिर मोबाइल पर बातचीत करने लगा।
दो मई 2023 को आरोपी ने लड़की को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में बुलाया। चाय-नाश्ता करते ही लड़की बेहोश हो गई। आरोपी अयाज ने दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाई। आरोपी ने वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करते हुए लड़की को अलग-अलग स्थानों पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने करीब दो लाख रुपये भी वसूल लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।