ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम किसलवास में बेतवा नदी और एक नाले के बीच खेत में बने टापू में फंसे छह लोगों को जिला प्रशासन और पुलिस टीम ने सोमवार सुबह सुरक्षित निकलवा लिया। सभी लोग अपने खेत पर गए हुए थे। वहां नदी व नाले का पानी बढ़ने से सभी छह लोग टापू बने खेतों में फंस गए थे।
थाना जखौरा अंतर्गत गांव किसलवास निवासी तुलाराम राजपूत (35), उसकी पत्नी रचना (32), उसके ससुर इमरत (50) के अलावा गांव के ही निवासी जाहर राजपूत (30) व जाहर की पत्नी लक्ष्मी एवं उसका भाई राकेश रविवार को दोपहर में गांव से करीब चार किलोमीटर दूर न्यौर नाला व बेतवा नदी के बीच में स्थित खेतों में काम करने गए थे।
शनिवार की रात से हो रही बारिश के चलते राजघाट बांध के गेट खुलने से खेतों के दूसरी ओर बेतवा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया और उसका पानी खेतों के काफी पास आ गया था। वहीं खेतों के पहले पड़ने वाला न्यौर नाला भी बारिश के चलते उफान पर आ गया। ऐसे में खेत टापू बन गए और दो महिलाएं व चार ग्रामीण फंस गए। जब वह देर शाम तक बाहर नहीं आ सके तो उनमें से एक ग्रामीण ने मोबाइल फोन से गांव में जानकारी दी। जिस पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान व पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर रात को ही एसडीएम सदर मोहम्मद अवेश, तहसीलदार सदर श्याममणि त्रिपाठी, थानाध्यक्ष जखौरा अशोक कुमार वर्मा मौके पर पहुंच गए। रात करीब साढ़े दस बजे स्टीमर मंगाए गए, लेकिन अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू नहीं हो सका। सोमवार की सुबह करीब सात बजे स्टीमर पानी में ले जाकर सभी को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला गया।
ग्राम किसलवास की दो महिलाएं एवं चार व्यक्ति पानी के बहाव की वजह से खेत की दूसरी ओर रह गए थे, उन सभी को बाहर निकाल लिया गया है। सभी सुरक्षित हैं।
-मो.अवेश, एसडीएम सदर।