संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शिक्षक विधायक बाबूलाल तिवारी ने भाजपा का चुनावी एजेंडा सुनाते हुए कहा कि पार्टी ने इसे संकल्प पत्र का नाम दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार बनते ही वादे पूरा करने का दावा किया। वह सोमवार को हाईवे स्थित भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पुन: भाजपा सरकार बनने पर 70 वर्ष के वृद्धजनों को निशुल्क उपचार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इसमें किसी तरह की शर्त लागू नहीं की जाएगी। साथ ही तीन करोड़ दीदी को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सूर्य घर के अंतर्गत सोलर लाइटें लगवाई जाएंगी, इसमें उपभोग के बाद बिजली बचने पर सरकार खरीदेगी। कभी लोकसभा, कभी विधानसभा, ग्राम पंचायत व जिला पंचायत आदि चुनाव अलग-अलग होने से देश का पैसा बर्बाद होता है। इसको लेकर भी एक देश एक चुनाव की नीति अपनाई जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, प्रदीप चौबे, धर्मेंद्र गोस्वामी, मुन्नालाल जैन, देवेंद्र गुरु आदि मौजूद रहे।