संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। 25 जनवरी से प्रस्तावित यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा है। फरवरी में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू होना प्रस्तावित हैं। 50 केंद्र निर्धारित किए गए है, जिन पर हाईस्कूल में 21087 व इंटरमीडिएट के 13614 छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे।
बोर्ड परीक्षा से पूर्व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। शासन के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा है। प्रयोगात्मक परीक्षा को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराया जाएगा। सचल दल बनाने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सचल दल प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर चेकिंग करेगा। प्रयोगात्मक परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं की केंद्र के अंदर प्रवेश करने से पूर्व पूरी तरह से चेकिंग की जाएगी और कोई आपत्तिजनक चीज न मिलने के बाद ही उसे प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस कर्मियों की भी तैनाती रहेगी, जोकि शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
-
यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा सकुशल व नकलविहीन कराने के लिए तेजी से तैयारियां की जा रही हैं। प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी।
ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक