नई वैक्यूम सर्किट ब्रेकर मशीन के रिले में आई खराबी गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर चार, फीडर नंबर पांच और बाईपास सब स्टेशन में स्थापित नदनवारा फीडर व फीडर नंबर दो की वीसीबी मशीनों के आंतरिक उपकरणों में खराबी आ गई। करीब दो सप्ताह पूर्व ही फीडर नंबर चार व पांच की पुरानी प्रणाली की ऑयल सर्किट ब्रेकर मशीनों को बदलकर नई प्रणाली की वीसीबी मशीनों के पैनल लगाए गए थे। सोमवार की सुबह छह बजे इन वीसीबी मशीनों के पैनलों की इनकमिंग मशीन की रिले की क्वाइल ने काम करना बंद कर दिया, जिससे फीडर नंबर चार व पांच की बिजली गुल हो गई। सब स्टेशन ऑपरेटर ने इसकी जानकारी विद्युत अधिकारियों को दी। इस पर उपखंड अधिकारी अखिलेश वर्मा व अवर अभियंता पंकज मौर्य ने सब स्टेशन पहुंचकर इनकमिंग में आई खराबी को जांचा और विद्युत कर्मियों की मदद से सुधरवाने का कार्य किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को वीसीबी मशीनों में आई खराबी के चलते मुहल्ला सदनशाह, कचहरी, कलेक्ट्रेट, विकास भवन, वर्णी चौराहा, आजादपुरा, रिसाला मंदिर, गांधीनगर, पुराना सूचना केंद्र, बैंक कॉलोनी, चांदमारी, रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनी, देवगढ़ रोड, जिला परिषद, चंडी मंदिर आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति दिन भर ठप रही। इस पर विभागीय अधिकारियों ने मशीन की खराबी दूर करने के लिए मीटर विभाग के अफसरों को बुलाया। एई मीटर अजय सविता ने सब स्टेशन पहुंचकर इनकमिंग मशीन की रिले क्वाइल में खराबी होना बताया और इसे रिपेयर किया गया। दोपहर पौने दो बजे मशीन सुधारकर फीडर नंबर चार व पांच की विद्युत आपूर्ति आखिरकार आठ घंटे बाद सुचारु की जा सकी।वहीं, बाईपास स्थित 33 केवी सब स्टेशन पर स्थापित नदनवारा फीडर समेत शहरी फीडर नंबर दो की वीसीबी मशीनों के स्पॉउट जल गए थे, इस कारण नदनवारा फीडर की बिजली रविवार को रात भर ठप रही ही। साथ ही अगले दिन स्पाउट बदलने के कारण नदनवारा के साथ ही फीडर नंबर दो की बिजली भी सोमवार को दिन भर ठप रही। इस कारण नदनवारा फीडर के दो दर्जन गांव की बिजली और शहर के मुहल्ला खिरकापुरा, नारायणपुरा, काशीराम कॉलोनी, पुरानी बजरिया, चौबयाना, सटक चौराहा, नदीपुरा, आजाद चौक आदि क्षेत्रों की बिजली दिन भर गुल रहने से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा।