बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल के चलते ललितपुर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। शुक्रवार दोपहर दो बजे आंधी बारिश के चलते 132 केवी रोड़ा विद्युत उपकेंद्र से बिजली गुल हो गई। कई जगह तार टूटने और फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। 22 घंटे बाद भी शनिवार दोपहर 12 बजे तक शहर और उपकेंद्र से जुड़े 250 गांवों में बिजली नहीं आई। इसके चलते लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी का भी संकट रहा।
जलसंस्थान की मोटर नहीं चल पाने से घरों में पानी नहीं आया। इसके चलते हैंडपम्प पर लोगों की कतार लगी रही। वहीं लगातार 22 घन्टे से बिजली न आने से लोगों के अन्य कार्य भी प्रभावित हुए। हालांकि बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता संविदा कर्मियों के जरिये फाल्ट को सही कराने में जुटे रहे।