संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। रविवार को अधिवक्ता एकादश और पुलिस एकादश के मध्य खेले गए मैत्री मैच में पुलिस एकादश ने अधिवक्ता एकादश को दो विकेट से हरा दिया।
श्री मर्दन इंटर कॉलेज मैदान पर खेले गए 20 ओवर के मैच में अधिवक्ता एकादश के कप्तान अजय कुमार ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अधिवक्ता एकादश की शुरुआत काफी धीमी रही और नियमित अंतराल पर उसके विकेट गिरते रहे। बाद में अखिलेश श्रीवास ने पांच छक्के और चार चौके की सहायता से अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 60 रन और मनोज संज्ञा ने तीन चौकों की मदद से 18 का योगदान दिया। इस प्रकार पूरी टीम ने 20 ओवर में 125 रन बनाए।
पुलिस एकादश की ओर से राजकुमार और अंशु पटेल ने शानदार गेंदबाजी की। जवाब में उतरी पुलिस एकादश ने शुरुआत से ही तेजी से रन बनाना शुरू किया। ओपनर योगेश ने चार चौके एवं एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए। इसके बाद रन गति कुछ धीमी हो गई, लेकिन उदय प्रताप को 22 के स्कोर पर मिले जीवन दान के बाद उन्होंने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए पांच छक्के और चार चौकों की मदद से अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 57 रन बनाए। पुलिस एकादश के कप्तान प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्र ने अपनी टीम के लिए नाटआउट 14 रनों का योगदान दिया। इस प्रकार पुलिस एकादश ने पंद्रह ओवर में 126 रन बना कर अधिवक्ता एकादश को दो विकेट से हराया।
पुलिस एकादश की फील्डिंग काफी अच्छी रही। मैच के अंपायर उपनिरीक्षक वाली सिंह, कपिल मिश्रा और संदीप सिंह पीटीआई ने की और स्कोरिंग हरीराम श्रीवास ने की। इससे पूर्व अतिथि मनोज कुमार भट्ट प्रबंधक मर्दन सिंह इंटर कॉलेज, पुनीत सिंह परिहार अध्यक्ष नगर पंचायत और बार संघ अध्यक्ष जहेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष धनीराम रजक, डीजीसी रामनारायण पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और टॉस कराया।