संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ऑनलाइन धोखाधड़ी से ठगी गई 1.27 लाख रुपये की धनराशि को कोतवाली सदर पुलिस ने पीड़ित के खाते में वापस कराई। पीड़ित ने साइबर फ्रॉड होने की शिकायत एनसीसीआरपी पोर्टल पर की थी। काेतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व शहर के मोहल्ला तालाबपुरा बिदुआ कॉलोनी निवासी पवन के साथ 1,27,501 रुपये की साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी की थी। इसकी शिकायत पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से की थी। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़ित के उपलब्ध कराए गए बैंक स्टेटमेंट व अन्य प्रपत्रों का अवलोकन करने के बाद तकनीकी विश्लेषण किया। विभिन्न वित्तीय एजेंसियों, बैंक, वालेट से संपर्क करने के बाद वित्तीय एजेंसियों को मेल करके पीड़ित का पैसा होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करने के बाद फ्रॉड हुई पूरी धनराशि धनराशि 127501 को उसके बैंक खाते में वापस कराया। खाते में रुपये वापस आने के बाद पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने लोगों से अपील की कि किसी भी बिना पहचान वाले व्यक्ति को बैंकिंग, वित्तीय संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल टॉल फ्री नंबर 1930 या 112 पर कॉल करें। इसके साथ एनसीसीआरपी पोर्टल, साइबर क्राइम की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत ऑनलाईन दर्ज कराएं।