संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर के अंदर नाल लेकर खिलाए जा रहे जुआ के फड़ पर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात छापा मारा। दस जुआरी को गिरफ्तार किया।
शुक्रवार रात सीओ सदर अभय नारायण राय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस भ्रमण कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला तालाबपुरा में जगदीश चौरसिया के घर में टीम ने छापा मारा। पुलिस ने दस जुआरियों को पकड़ लिया। आरोपियों ने अपने नाम जगदीश चौरसिया, सौरभ जैन, मुकेश तामियां, राजेश जैन, आशीष जैन, अमित कुमार जैन निवासी मोहल्ला तालाबपुरा, प्रसन्न कुमार जैन निवासी सिविल लाइन, अमन द्विवेदी निवासी रावतयाना गोविंद नगर, विपिन पांडेय निवासी वंशीपुरा, राहुल तिवारी निवासी सरदारपुरा बताया। जुआ के फड़ व जामा तलाशी में 1,65,455 रुपये, 211.9 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण, 11 मोबाइल फोन सहित पांच बाइक/स्कूटी बरामद की। जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
-
चार से पांच सौ रुपये लेकर खिलाता था जुआ
तालाबपुरा निवासी जगदीश चौरसिया अपने घर पर जुआ खिलाने के लिए प्रति जुआरी 400-500 रुपये लेता था। वह जुआरियों को फोन करके बुलाता था। जगदीश यह काम कई दिनों से कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों के घनघनाए फोन
पुलिस जुआरियों को कोतवाली ले आई तो अधिकारियों के फोन घनघनाने शुरू हो गए। इसका कारण, गिरफ्तार जुआरियों में कुछ शहर के व्यापारी और स्कूल संचालक थे। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने फोन करने वालों को सीधा जवाब दिया। बावजूद इसके शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक कोतवाली में भीड़ जुटी रही।
इस टीम को मिली सफलता
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण सिंह, निरीक्षक जनार्दन यादव, उपनिरीक्षक संजय सिंह, अनुराग शर्मा, विनीत कुमार सिंह, देवराज मौर्य, हेड कांस्टेबल बृजबिहारी सेंगर, सुमित कुमार, राघवेंद्र पाल आदि शामिल रहे।
दस जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके पास से नकदी समेत सफेद व पीली धातु के आभूषण आदि बरामद किए। जुआ से अर्जित संपत्ति जब्त की जाएगी।
अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक