दंगा नियंत्रण में प्रयोग किए जाने वाले उपकरणों के बारे में दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस अफसरों की मौजूदगी में रविवार को पुलिस ने दंगा नियंत्रण का रिहर्सल किया। जिसमें अश्रुगैस गन, एंटी राइट गन, फायरिग पार्टी, एंबुलेंस के संचालन का अभ्यास कर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जमकर अभ्यास कराया गया। यह रिहर्सल आगामी लोक सभा चुनाव व त्यौहारों को देखते हुए की गई।
रविवार की सुबह पुलिस लाइन में पुलिस अफसर व थाना कोतवाली में तैनात भारी संख्या में पुलिस बल दंगा रोधी उपकरणों से लैस होकर पहुंचे। यहां दो पार्टियां बनाई गई। जिसमें एक पार्टी दंगा करने वाली और दूसरी दंगा नियंत्रण करने वाली पुलिस टीम। रिहर्सल के दौरान दंगा पार्टी बने बलवाईयों को तितर वितर करने का अभ्यास कराया गया। आपातकालीन स्थिति में दंगा नियतंत्रण के दौरान प्रयोग में लाए जाने वाले उपकरण अश्रुगैस गन, एंटी राइट गन, फायरिग पार्टी, एंबुलेंस चलाने का रिहर्सल कराया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने पुलिस कर्मचारियो को ब्रीफ किया और पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरण रबर बुलेट गन, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, टीयर स्मोक सेल, हैंड ग्रेनेड शस्त्रों के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सहित जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी व पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।