संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जंगल में पहाड़ी पर रक्त रंजित अवस्था में मिले महिला के शव की पहचान के लिए पुलिस जुटी हुई है। बुधवार को पुलिस ने एक बार फिर से मृतका की फोटो को जारी करते हुए लोगों से शिनाख्त में मदद मांगी है। थाना जखौरा अन्तर्गत ग्राम आलापुरा में जंगल में पहाड़ी पर 16 जनवरी को करीब 25 वर्षीय महिला का रक्त रंजित शव पड़ा मिला था। उसके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार के घाव थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या की पुष्टि के बाद एसपी ने टीमों का गठन करते हुए घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। जखौरा पुलिस सहित एसओजी, सर्विलांस टीम ने आसपास के गांवों में जाकर, घुमंतू जाति के जिले में डेरा, जनपद से सटे मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों सहित जिले में गैर प्रांत उड़ीसा की महिलाओं तक से जानकारी की, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। घटना के 20 दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस की प्रगति सिर्फ महिला की शिनाख्त करने तक अटकी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिनाख्त होने के बाद इस घटना का पटाक्षेप जल्द हो जाएगा। अब सीओ सदर अभय नारायण राय के पर्यवेक्षण में महिला की शिनाख्त के लिए प्रयास तेज किए गए हैं। सीओ सदर ने बुधवार को सोशल मीडिया पर महिला की फोटो जारी की। हाथ पर गुदे नाम से भी नहीं मिली मदद : महिला के हाथ पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में दिनेश लिखा था। हाथ पर गुदा यह नाम भी महिला की पहचान नहीं करा पा रहा है।