मड़ावरा। थाना गिरार के दूर अंचल में स्थित गांव खुटगुवां में क्रिकेट खेलते समय मैच में हुए उतार-चढ़ाव को एक खिलाड़ी सहन नहीं कर सका और उसकी हृदय गति रुकने से मौत हो गई। ग्राम खुटगुवां में बरिया ग्राउंड पर क्रिकेट मैच चल रहा था। गांव का निवासी गौरव राजा (24) पुत्र महेंद्र सिंह गांव के साथियों के साथ क्रिकेट खेलने गया। खेल के दौरान गौरव राजा की टीम हार के करीब थी। अचानक वह ग्राउंड पर बेहोश होकर गिर पड़ा। बेहोशी की हालत में देखकर खेल के मैदान से लेकर साथी और परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा लेकर आए, जहां पर चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। लेकिन, परिजनों को अपने पुत्र की मौत पर विश्वास नहीं हुआ तो उसे टीकमगढ़ स्थित जिला चिकित्सालय ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने युवक को मृतक घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर गांव वापस लौट गए और अंतिम संस्कार किया। युवक की मौत से गांव में शोक व्याप्त है। परिजनों के अनुसार गौरव अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इस घटना से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि गौरव साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। उसे अचानक हार्ट अटैक आ गया और वह बेेहोश होकर मैदान पर गिर पड़ा। यह देख साथी व परिजन उसे मड़ावरा सीएचसी ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया। बृहस्पतिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।