संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ब्लॉक तालबेहट अंतर्गत ग्राम हिंगौरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर्मियों की लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। कर्मी समय से नहीं पहुंच रहे हैं, इससे सुबह साढ़े नौ बजे तक ताला लटका रहता है। सुबह के समय आने वाले मरीज ताला लगा देखकर बिना इलाज के ही वापस हो रहे हैं। कई मरीज ब्लॉक मुख्यालय आने को मजबूर हैं।
गर्मी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुबह आठ बजे से दो बजे तक खुलने का प्रावधान है। लेकिन, जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते मरीजों को स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है। बृहस्पतिवार को रिपोर्टर ने सुबह साढ़े नौ बजे अस्पताल पहुंचकर पड़ताल की तो यहां ताला लगा था। परिसर में झाड़ियां उगी हैं। हैंडपंप भी बदहाल स्थिति में है।
-
ये हैं अस्पताल में तैनात
अस्पताल में डाॅ. सूरज, फार्मासिस्ट जितेंद्र भटनागर, स्टॉफ नर्स गीता लोधी, चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्सिंग कर्मी सुरेंद्र आदि नियुक्त हैं।
-
नहीं है जांच की सुविधा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंगौरा में भवन तो बेहतर बना है। पैथोलॉजी के लिए भी कक्ष निर्धारित है, लेकिन लैब टेक्नीशियन की कमी से जांच की सुविधा ठप पड़ी है। मरीजों को सामान्य उपचार मात्र ही मिल पा रहा है। जांच के लिए ब्लॉक मुख्यालय तालबेहट आना पड़ रहा है।
-
हिंगौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सुबह साढ़े नौ बजे तक बंद होने की जानकारी मिली है। कार्रवाई की जाएगी।
- डाॅ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ