संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। एमपी, एमएलए कोर्ट में सांसद राहुल गांधी के खिलाफ याचिका दायर की गई है। अधिवक्ता भगवत प्रसाद पाठक द्वारा दायर याचिका पर बुधवार को सुनवाई की तारीख लगाई गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी के भाषण में किए गए अपशब्दों के प्रयोग से हुई मानसिक पीड़ा को आधार बनाया है। इसके एवज में न्यायालय से पांच लाख 50 हजार रुपये की डिग्री निर्धारण कर राहुल गांधी से दिलाए जाने का अनुरोध किया है। कचहरी परिसर में यह याचिका चर्चा का विषय बनी हुई है।
अधिवक्ता भगवत प्रसाद पाठक ने दायर याचिका में बताया कि 22 नवंबर 2023 को राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान बाड़मेर में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया था। इसके अलावा अन्य भाषणों को भी मानसिक वेदना का आधार बताया है। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार के असंसदीय भाषा पर रोक लगाने के आदेश देने की मांग की है।