संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में बीते दिनों से पेयजल संकट गहराने लगा है। यहां पर लगभग छह वार्ड पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में इन मोहल्लावासियों को टैंकर से आपूर्ति के लिए 19 दिन इंतजार करना होगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल से टैंकर चलाकर पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर में कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। गर्मियों के मौसम की शुरुआत होते ही जल स्तर गिर जाता है। ऐसे में पानी का भीषण संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में लोगों को अधिक दूरी से पानी जुटाना पड़ रहा है। दोपहर में पानी जुटाने में अधिक समस्या हो रही है।
यह हाल शहर के मोहल्ला रैदासपुरा, विष्णपुरा, खिरकापुरा, नारायनपुरा, रामनगर, लेखपाल कॉलोनी, रावतयाना, पिसनारी, नईबस्ती के कुछ क्षेत्र और जुगपुरा की बनी हुई है। इन मोहल्लावासियों को पानी के लिए अधिक किल्लत से जूझना पड़ रहा है। कईयों के तो दिन में कार्य तक प्रभावित हो जाते हैं। ऐसे में पानी जुटाने के लिए सुबह से लगना पड़ा है। हैंडपंप अधिक दूरी पर होने से भीड़ लग रही है। ऐसे में समय भी खराब हो रहा है। इन मोहल्ला के वाशिंदों को टैंकरों से पानी मिलने की आस बनी हुई है।
लेकिन, टैंकर से पानी के लिए 19 दिन का और इंतजार करना होगा। कारण जल संस्थान द्वारा 15 अप्रैल से टैंकर चलाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि टैंकरों से पानी देने के लिए तैयारियां चल रही हैं। जरूरत के अनुसार टैंकरों को ठीक कराया जाएगा। वर्तमान में जल संस्थान के पास 10 टैंकर ठीक हैं, इनसे पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
-
पेयजल आपूर्ति बाधित क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। टेंकरों को 15 अप्रैल से चलाया जाएगा।
-शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान