संवाद न्यूज एजेंसी
ललितुपर। गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। सिद्धनपुरा स्थित कांशीराम कॉलोनी के करीब 350 परिवार पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। सीवर टैंक चोक होने से नालियाें में जमी गंदगी से दुर्गंध उठ रही है। सफाई न होने के कारण नालियों में दूषित पानी भरा है। दूषित पानी में पनप रहे मच्छरों के प्रकोप से कई बीमारियों का खतरा बना है।
आईटीआई के पीछे सिद्धनपुरा स्थित कांशीराम काॅलोनी में छह हैंडपंप आठ माह से खराब पड़े हैं। कॉलोनी के ऊपरी इमारतों तक पानी ले जाना परेशानी का सबब बना है। कॉलोनी में पानी की टंकी भी है, लेकिन खाली पड़ी है। यहां बने सीवर टैंक फुल हो गए हैं। वही सीवर लाइन की सफाई न होने के कारण गंदगी नालियों में बह रही है। इससे बहुत दुर्गंध आ रही है। बच्चे बाहर नहीं खेल पा रहे हैं। कॉलोनी के लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से गुहार लगाई, पर समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सका।