ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत बानई नदी के पास किसी वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे एक राहगीर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बानपुर के ग्राम गुगरवारा निवासी रामबाबू (35) पुत्र बृजलाल सोमवार को कचनौंदा गया था। देर शाम को जब वह कचनौंदा गांव से अपने घर पैदल जा रहा था तो बानई नदी के पास गाइया घाट से दो किलोमीटर दूर रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता बृजलाल ने बताया कि रामबाबू दो भाइयों में बड़ा था। वह मजदूरी करता था। ब्यूरो