ललितपुर। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर गेहूं खरीद केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष सूरजभान यादव ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने के लिए केंद्र खोले गए हैं, लेकिन इन पर किसानों की समस्याएं कम नहीं हो रही हैं। जिन किसानों ने अपनी उपज बेची है, उन्हें भुगतान के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लॉकडाउन में व्यापारिक कामकाज व स्कूल, कालेजों का संचालन ठप रहा है, ऐसे में व्यापारी व किसानों का बिल व छात्र-छात्राओं की फीस माफ की जाए। ग्राम सौजना की विधवा महिला के मकान को गिराने के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने की जरूरत है। वहीं, आगरा जिले में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर लिखे गए मुकदमे को वापस लिया जाए। ज्ञापन पर शंकर सिंह, गजराज सिंह, मोहन यादव, रवींद्र सिंह के हस्ताक्षर बने हैं।