संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल स्थित पैथोलॉजी में मशीनों के खराब होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पहले यहां थायराइड की जांच मशीन दो माह तक खराब रही। यह ठीक हुई तो अब बायोकेमिस्ट्री मशीन खराब हो गई। इससे पीलिया, किडनी व शुगर जैसी कई जांचें होनी बंद हो गईं। विटामिन बी12 की जांच भी बंद है।
लगभग दो माह पहले थायरायड की जांच मशीन में पानी आने से वह खराब हो गई थी, इससे जांच बंद चल रही थी। विटामिन बी3 व बी12 की जांच भी बंद थी। थायरायड जांच मशीन एक सप्ताह पहले ही ठीक हुई तो विटामिन बी3 की जांच भी शुरू हो गई। विटामिन बी 12 जांच शुरू नहीं हो सकी थी कि शनिवार को बायोकेमिस्ट्री मशीन भी खराब हो गई। दोपहर बाद पैथोलाॅजी में पीलिया, कॉलेस्ट्रोल, किडनी व शुगर जैसी जांच भी ठप हो गईं। दोपहर बाद सैंपल नहीं लिए गए। कई मरीज बिना जांच के ही वापस हो गए।
-
डिजिटल एक्सरे मशीन चार माह से खराब
पैथोलाॅजी स्थित डिजिटल एक्सरे जांच की सुविधा भी ठप है। चार माह पहले मशीन खराब हो गई थी, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है। प्रतिदिन 50 से 60 हड्डी रोगी बाहर निजी सेंटर पर एक्सरे कराने के लिए मजबूर हैं। वहां प्रत्येक मरीज को 400 से 500 रुपये खर्च करना पड़ता है।
-
बायोकेमेस्ट्री मशीन खराब हो गई है। इसे ठीक कराने के लिए संबंधित को सूचना दी गई है। जल्द ही मशीन ठीक हो जाएगी।
- डॉ. द्विजेंद्र नाथ, प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय