तालबेहट। बुधवार को रात में रेलवे स्टेशन के समीप चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरपीएफ की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजों के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ के सिपाही विपिन कुमार फुट ब्रिज संख्या 1077/17 के समीप बुधवार की रात गस्त कर रहे थे। उसी दौरान ब्रिज के नीचे एक युवक घायल अवस्था में दिखा। जिसे एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की जेब में बिलासपुर से गोरखपुर का पेनल्टी टिकट एवं अन्य कागज मिले। कागजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त अब्दुल्ला पुत्र अकरम अली निवासी मुस्तफा बाजार डुमुरियागंज जिला सिद्धार्थनगर के रूप में की गई है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है।