जखौरा। उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ एवं ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के आह्ान पर विकासखंड जखौरा में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने धरना प्रदर्शन किया, साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि गैर विभागीय कार्य जैसे फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टेक सर्वे, गोशाला प्रबंधन, आयुष्मान हेल्थ कार्ड, फैमिली आईडी, पेंशन सत्यापन जैसे कार्यों के कारण अपने मूल कार्य नियमित ढंग से नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के सर्वाधिक विकास में पंचायती राज एवं ग्राम विकास विभाग की समस्त फ्लैगशिप एवं जन कल्याणकारी योजनाओं को मूर्त रूप देने में विभागीय ग्राम सचिव अहम भूमिका निभा रहे हैं। शासन ने विभिन्न जनपदों में सचिव ग्राम पंचायत के रूप में कार्यरत कार्मिकों की ऑनलाइन उपस्थिति अंकित कराने के आदेश जारी किए जा रहे हैं, जिनका उन्होंने विरोध किया। ज्ञापन पर अजय प्रताप सिंह, वीरेंद्र बरौदिया, अवधेश प्रताप सिंह, अमित कुमार जैन, प्रकाश वर्मा, प्रदीप पंथ, कुसुम उपाध्याय, पूजा यादव, स्वाति, नेहा शर्मा, धर्मदास सुमन, हिमांशु कुशवाहा आदि के हस्ताक्षर बताए गए हैं।