ललितपुर। गांव पनारी को ललितपुर से जोड़ने वाली सड़क अनाथ हो गई है। जिला पंचायत, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका समेत तमाम विभाग सड़क के स्वामित्व को लेकर पल्ला झाड़ रहे हैं। आलम यह है कि सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। इसके चलते करीब 10 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के स्वामित्व को लेकर विभागों के इन्कार का मामला विधान सभा तक पहुंच गया है। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने सड़क निर्माण के लिए विधानसभा में सवाल दाखिल किया है।
झांसी-सागर हाईवे पर सुरईघाट से कंचनघाट होते हुए गांव पनारी तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क है। इस सड़क पर काफी पुराना खड़ंजे का पुल बना हुआ है। सड़क भी वर्षों से खस्ताहाल है। इसमें जगह-जगह गड्ढे हैं। लोगों ने कई बार सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन कुछ नहीं हो सका।
लोगों ने सदर विधायक रामरतन कुशवाहा से मार्ग का निर्माण कराने की मांग की। जिस पर विधायक ने पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत और नगर पालिका अफसरों को पत्र लिखा। जिसके बाद सभी विभागों के अफसरों ने एक-दूसरे पर सड़क के स्वामित्व को लेकर पल्ला झाड़ दिया।
इस पर सड़क के निर्माण का मुद्दा हाल ही में विधानसभा में गूंजा। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने विधानसभा में इस सड़क के निर्माण और स्वामित्व को लेकर प्रश्न दाखिल किया। विधानसभा में मामला उठने के बाद विभागों में हड़कंप मचा है। इस पर विभागों ने अपने-अपने दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुल हो गया क्षतिग्रस्त
मार्ग के बीच में शहजाद नदी गुजरती है। इस पर एक काफी पुराना खंड़जे का पुल बना हुआ है। यह पुल पांच साल पहले बारिश के चलते नदी में आए तेज पानी के बहाव में बहकर क्षतिग्रस्त हो गया था। क्षतिग्रस्त पुल को सही करवाने की मांग कई बार की गई, लेकिन पुल को ठीक नहीं कराया गया।
मार्ग पर हैं कई धार्मिक स्थल
इस सड़क पर प्रसिद्ध कंचनघाट, पंचमुखी हनुमान मंदिर और बलखंडी मंदिर स्थित हैं। यहां पर प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा व दर्शन को आते-जाते हैं। लेकिन सड़क और पुल क्षतिग्रस्त होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुरईघाट से गांव पनारी जाने वाला संपर्क मार्ग जिला पंचायत के क्षेत्र में नहीं है। क्योंकि जिला पंचायत का कार्य ग्रामीण क्षेत्रों का है। जबकि यह सड़क शहरी भाग में आती है।
अर्जुन सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ललितपुर
इस सड़क का कुछ हिस्सा नगर पालिका का है। जबकि कुछ हिस्सा पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत आता है।
निहाल चंद्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, ललितपुर
सुरईघाट से कंचनघाट होते हुए ग्राम पनारी जाने वाली यह सड़क हमारे विभाग की नहीं है और न ही यह सड़क उनके स्वामित्व में आती है।
राजेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग ललितपुर