ललितपुर। गोविंद सागर बांध के ऊपरी क्षेत्र में मंगलवार को हुई बारिश से बांध का जलस्तर बढ़ गया। जिससे शाम को बांध के छह गेट खोलकर 4700 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
जनपद में मंगलवार की दोपहर से बारिश शुरू हुई। गोविंद सागर बांध के ऊपरी क्षेत्र में बारिश का असर गोविंद सागर बांध के जलस्तर पर हुआ और बांध का जलस्तर सितंबर में निर्धारित स्तर से अधिक होने लगा। जिस कारण सिंचाई विभाग ने बांध के गेट खोलने के लिए बांध के निचले इलाकों में अनाउंस कराकर गेट खोले जाने की जानकारी लोगों को दी। शाम करीब छह बजे बांध के छह गेट खोले गए। जिससे करीब 4700 क्यूसेक पाने की निकासी की जाने लगी। सभी छह गेट छह फुट तक खुले हुए हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बांध का जलस्तर निर्धारित स्तर पर आने के बाद गेटों को बंद किया जाएगा। वहीं बांध के गेट खुलने पर बांध के आसपास सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं।