ललितपुर। दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार 32 वर्षीय सुजान निवासी ग्राम बिल्ला थाना बानपुर की मौत हो गई और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के जीजा मंगलसिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका साला सुजान बाइक से कस्बा बानपुर से अपने घर लौट रहा था। अभी वह कुआंगांव तिराहे के पास पहुंचा था। तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। उक्त बाइक पर दो युवक सवार थे। बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत होने पर दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायल सुजान के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों घायल युवको को भर्ती कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक दो भाई, तीन बहनों में बड़ा था और उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वह खेती-किसानी करता था। सीओ महरौनी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि घटना को लेकर जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।