उद्योग विभाग की ओर से अधिकतम दस लाख तक की मिलेगी सब्सिडी
ललितपुर। ‘एक जनपद एक व्यंजन योजना’ के तहत अब उद्योग विभाग से 25 फीसदी तक की सब्सिडी पर रेस्टोरेंट के लिए लोन मिल सकेगा। इस योजना के तहत जनपद के प्रसिद्ध दूध का हलवा और बाजरे की रोटी को शामिल किया गया है। उद्योग विभाग को इसके लिए अब तक पांच आवेदन मिल गए हैं। इस योजना में आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक होना चाहिए। इसके लिए किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं है। वह किसी वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। पात्र आवेदक इस योजना के तहत रेस्टोरेंट खोलने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उद्योग विभाग के उपायुक्त अतहर जमाल ने बताया कि एक जनपद एक व्यंजन के तहत दूध का हलवा और बाजरे की रोटी के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए जिले में 25 लाख रुपये तक की लागत से रेस्टोरेंट खोलने पर 25 फीसदी और 50 लाख रुपये तक की लागत से रेस्टोरेंट खोलने पर 20 फीसदी या अधिकतम दस लाख रुपये तक की सब्सिडी सरकार से मिलेगी।