ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम छिल्ला के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मध्य प्रदेश के ग्राम कुरवाई निवासी साकिब खान (18) बुधवार की शाम को बाइक से अपनी बहन के यहां बानपुर जा रहा था। अभी वह ग्राम छिल्ला के पास ही पहुुंचा था कि किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटता हुआ किनारे पेड़ की झाड़ियों के पास जा गिरा। आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों ने पास में जाकर देखा तो वह खून से लथपथ मिला। लोगों ने घटना की जानकारी थाना बानपुर पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची और देखा, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।