जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर को दिए गए शिकायती पत्र में वार्ड नंबर 26 के पार्षद अनुराग जैन शैलू ने बताया कि दो सितंबर को वह शाम चार बजे समाज कल्याण आफिस में किसी काम से पहुंचे, जहां समाज कल्याण अधिकारी वार्ड के निवासी वरुण जैन व उनकी पत्नी संगीता जैन को डांट कर बाहर निकल जाने की धमकी दे रहीं थीं। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को समझाया तथा दोनों मुहल्लेवासी यहां से चले गए। पार्षद का आरोप है कि इस बात से नाराज हो तक समाज कल्याण अधिकारी उनके साथ अभद्रता करने लगीं। उन्होंने जांच करके निलंबन की मांग की है। शिकायती पत्र पर वार्ड नंबर 8 के पार्षद अशोक कुमार पंथ, वार्ड नंबर चार के पार्षद कमल सिंह यादव, वार्ड नंबर 23 के पार्षद भवानी सिंह यादव, वार्ड नंबर 11 के पार्षद रामसेवक प्रजापति, वार्ड नंबर 22 के पार्षद धर्मेंद्र उर्फ रूपेश, ममता तिवारी सहित अन्य पार्षदों के हस्ताक्षर हैं। वहीं, दूसरी ओर इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।