ललितपुर। श्री दीपचंद चौधरी महाविद्यालय में विश्व एड्स दिवस पर हुई संगोष्ठी में बताया कि एड्स की बीमारी असुरक्षित यौन संबंधों, संक्रमित सुइयों, संक्रमित खून के चढ़ाने और संक्रमित गर्भवती मां से होने वाले बच्चे में फैलती है। मुख्य अतिथि जिला क्षयरोग अधिकारी डा. जेए बख्शी ने कहा कि एचआईवी पॉजीटिव मरीज के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए, क्योंकि एड्स की बीमारी रोगी के छीेंकने, खांसने, हाथ मिलाने या साथ में खाना खाने से नहीं फैलती है। ऐसे मरीजों को प्रोत्साहित कर उनके उपचार में सहयोग करना चाहिए। पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी रोग की जांच, उपचार, एमडीआर के उपचार और जांचों की जानकारी दी। इस मौके पर प्रबंधक कमलेश चौधरी, प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. भगवत नारायण शर्मा, पीपीएम कोआर्डिनेटर आदेश श्रीवास्तव, दीपाली पटैरिया, प्रोजेक्ट आफिसर शिवांगी सिंह, असलम पठान, अतुल कुशौलिया आदि उपस्थित रहे। इससे पहले रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से निकाली गई। रैली मुख्य बाजार से होकर वापस कार्यालय प्रांगण में समाप्त हुई।