तीन दिन से नहीं आई 14 गांव की बिजली
मसौरा बैरियर के पास खंभा टूटा, ग्रामीणों ने नहीं जोड़ने दिया
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बाईपास विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत निवाई-घटवार फीडर के 14 गांव की बिजली तीन दिन से ठप चल रही है, जिससे हजारों ग्रामीण इस उमस भरी गर्मी में और रात के अंधेरे में जीने को मजबूर हैं। बाईपास विद्युत सब स्टेशन अंतर्गत ग्राम मसौरा बैरियर के पास तीन दिन पूर्व खेतों से निकला एक हाइटेंशन विद्युत लाइन का खंभा आंधी के दौरान टूट गया, जिससे 14 गांवों की बिजली ठप हो गई। जानकारी मिलने पर विद्युत कर्मचारियों द्वारा दूसरा खंभा लगाने के लिए गए, तो स्थानीय लोगों द्वारा उनके खेतों में खंभा लगाने से मना कर दिया, जिससे विभाग द्वारा खंभा नहीं लगाया जा सका। इससे फीडर के अंतर्गत ग्राम मसौराखुर्द, छिपाई, निवाई, खड़ेरा, घटवार, भैंसाई आदि गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित चल रही है। हालांकि, विभाग द्वारा एस्टीमेट बनाकर दूसरी जगह खंभा लगाकर बिजली सुचारु के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें एक-दो दिन का समय और लग सकता है। अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि दूसरी जगह नया खंभा लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराई जाएगी। फिलहाल ग्राम घटवार, मसौराखुर्द के प्रभावित क्षेत्रों में अन्य वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दो फेस जोड़कर बिजली सुचारु कराई गई है, ताकि ग्रामीणों के सामान्य कार्य हो सकें।