ललितपुर। कोर कमेटी की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को अखबार में प्रकाशित होने वाली शिकायतों पर खुद निस्तारण करने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि डोर-टू-डोर सर्विलांस अभियान की सर्वे में लगाई गई टीम में कार्य न करने वाले कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अखबार में प्रकाशित होने वाली शिकायतों की खबर पर अधिकारियों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान मोबाइल नंबर दर्ज से पहले जांच की जाए कि वह सही है या नहीं। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार मच्छरों के लार्वा की जांच का निरीक्षण किया जा रहा है। लार्वा पाए जाने पर नोटिस जारी कर सफाई कराई जा रही है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा कराया गया कि नगरीय क्षेत्र में नहरों की सफाई एवं कंटेनमेंट जोन में लगातार सेनिटाइजेशन कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता जल संस्थान ने बताया कि विद्युत आपूर्ति कम होने से नेहरू नगर व चांदमारी क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति में बाधा आ रही है। अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाली शिकायतों का सभी संबंधित अधिकारी स्वत: संज्ञान लेकर समस्याओं का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारी कोविड अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें और जनपद में अधिक से अधिक लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग कर जांच कराएं।