संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन ने किसानों को बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए सौर ऊर्जा पंप लगाने का निर्णय लिया है। किसानों को इसके लिए 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। यह सुविधा उन किसानों केे लिए है, जो वर्तमान में मोटर से सिंचाई कर रहे हैं। उन्हें बिजली बिल से राहत देने के लिए यह योजना तैयार की गई है। इसके लिए विभाग से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं।
सिंचाई के लिए बिजली बिल में कटौती करने को सौर ऊर्जा पंप की योजना लाई गई है। इससे दिन के समय किसान सूर्य की ऊर्जा से खेतों में पानी दे सकेंगे, जिससे उनके बिजली के खर्चे में कटौती होगी। परियोजना निदेशक नेडा एमए खान ने बताया कि इस योजना के तहत 3 एचपी, 5 व 7.5 एचपी के पंप दिए जाएंगे। 3 एचपी के पंप की लागत 2 लाख 65 हजार, 5 एचपी के पंप लागत 4 लाख 26 हजार व 7.5 एचपी पंप की लागत 6 लाख 23 हजार रुपये है। किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। वर्तमान में आनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। इससे पहले ऑफलाइन आवेदन किए जा रहे थे, जिसमें 41 किसानों ने आवेदन किए थे। 33 किसानों को यह पंप देना सुनिश्चित किया गया है। वर्तमान में चल रही योजना पहले आओ पहले पाओ के आधार पर तैयार की गई है।
घरों में नेडा दे रहा रूफटॉप की सुविधा
घरों में सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए रूफटॉप योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना में घरों के हिसाब से संयोजन दिए जाएंगे। केंद्र सरकार से प्रति किलोवाट 14 हजार 586 व राज्य सरकार से 15 हजार व अधिकतम 30 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए भी ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं।