संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन (ललितपुर)। गर्मी में पेयजल संकट से जूझने वाले बाशिंदों को नयनसुख तालाब में पानी भरने से राहत मिली है। पशु पक्षियों को भी पानी पीने की सुविधा हो गई है।
नगर के बीचों बीच स्थित नयनसुख तालाब काफी अरसे से बदहाल था। तालाब के सूखने से जमीनी जलस्तर भी काफी नीचे गिर गया था। हैंडपंप भी साथ छोड़ने वाले थे, ऐसे में पानी की आपूर्ति के लिए नगर पंचायत को टैंकरों का सहारा लेता पड़ता। पूर्व में तालाब भरने के लिए बोरिंग आदि कराई गई, किंतु सफलता नहीं मिली। इस वर्ष नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बड़ौनियां व प्रशासनिक अधिकारियों ने जामनी नहर से पाइप लाइन के माध्यम से पानी लाने की योजना बनाई। अब तालाब पानी से लबालब है। इससे जमीनी जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। पशु पक्षियों को भी गर्मी से राहत मिली है। नयनसुख तालाब के भर जाने से नगरवासियों में खुशी का माहौल है।
-
जामनी नहर से पाइपलाइन तो जोड़ दी गई थी, लेकिन दबंगों के कब्जा के कारण पानी की सप्लाई बाधित हो रही थी। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से पानी की सप्लाई सुचारु कर तालाब को भरवाया गया है। इससे जमीन के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। पशु पक्षियों को भी राहत मिली है।-नीलम बड़ौनियां, अध्यक्ष नगर पंचायत महरौनी