ललितपुर। थाना गिरार अंतर्गत ग्राम खैरपुरा निवासी उद्देता (60) पुत्र किशोरा अहिरवार का शव शुक्रवार को खेत में पेड़ पर लटका मिला। जानकारी मिलने पर गिरार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना गिरार अंतर्गत ग्राम खैरपुरा निवासी उद्देता बृहस्पतिवार को रात को आठ बजे खेत पर सिंचाई के लिए रखा इंजन पंप देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात तक वह वापस नहीं लौटा। सुबह बेटा नंदू उसे देखने के लिए खेत पर गया। जहां चिरौल के पेड़ पर उसका शव रस्सी के फंदे पर लटक रहा था।
यह देख वह चीखने चिल्लाने लगा, जिस पर वहां गांव वालों की भीड़ जमा हो गई और जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची गई। लेकिन परिजनों ने मामले में संदेह जताते हुए शव को पेड़ से नीचे उतारने से मना कर दिया। परिजनों के रोष को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी मड़ावरा केशवनाथ समेत थाना मड़ावरा व थाना सौजना की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई, लेकिन बात नहीं बन सकी। बाद में फाॅरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने एवं अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक तौर पर पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर चल रही है। वहीं बताया जा रहा है कि मृतक का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों ने 17 जनवरी को परिवार के एक छोटे बच्चे के रुपये छीन लिए थे और मारपीट की थी, जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में की थी।
मृतक के मंझले बेटे नंदू ने आरोप लगाया कि विवाद करने वाले लोगों ने ही उसके पिता से मारपीट कर फांसी के फंदे पर लटका दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच में जुट गई है, हालांकि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट हो सकेगा।
मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-केेशवनाथ, क्षेत्राधिकारी मड़ावरा।