फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: बल्क ड्रग पार्क बनने की जगी उम्मीद, 28 को आएंगे सीएम के सलाहकार अवनीश

Tue, 24 Jan 2023 01:09 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। जिले में बल्क ड्रग पार्क बनने की उम्मीद एक बार फिर से जगी है। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बल्क ड्रग पार्क का काम जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया है। इसे लेकर सेवानिवृत्त आईएएस और मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी 28 जनवरी को ललितपुर आकर बल्क ड्रग पार्क के लिए चिह्नित जमीन का निरीक्षण करेंगे।
विज्ञापन

जनपद को दवा निर्माण क्षेत्र के तौर पर स्थापित करने और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए वर्ष 2020 में 1600 करोड़ रुपये की लागत से बल्क ड्रग पार्क बनाने की घोषणा की गई थी। इसके लिए महरौनी अंतर्गत ग्राम सैदपुर में दो हजार एकड़ जमीन चिह्नित की गई।
लेकिन बीते दो वर्ष से मामला ठंडे बस्ते में चला गया। बल्क ड्रग पार्क को लेकर शासन ने कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किए। इसे लेकर श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने शासन को पत्र लिखा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करके, बल्क ड्रग पार्क का काम जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया।
विज्ञापन

जिस पर मुख्यमंत्री ने जनपद में बल्क ड्रग पार्क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द मंजूरी देने का आश्वासन दिया। अब सेवानिवृत्त आईएएस व मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी जल्द ही जनपद पहुंचेंगे। यहां पहुंचकर वह बल्क ड्रग पार्क के लिए चिन्हित की गई भूमि का निरीक्षण करेंगे। पूर्व मुख्य सचिव के जनपद में 28-30 जनवरी के बीच ललितपुर आने की संभावना जताई जा रही है।

1600 एकड़ सरकारी व 400 एकड़ जमीन निजी
बल्क ड्रग पार्क निर्माण की घोषणा होने के बाद प्रशासन ने गांव सैदपुर में दो हजार जमीन को चिह्नित किया था। जिसमें 1600 एकड़ भूमि सरकारी और 400 एकड़ निजी जमीन शामिल थी। यह सरकारी भूमि पशुपालन विभाग की है।
दो बांधों से लिया जाना आठ टीएमसी पानी
बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रतिवर्ष 9.125 टीएमसी पानी मांगा गया था। सिंचाई विभाग ने जामनी और भावनी बांध से आठ टीएमसी पानी देने की बात कही थी। लेकिन बल्क ड्रग पार्क निर्माण योजना के ठंडे बस्ते में चले जाने के बाद सिंचाई विभाग भी शांत पड़ गया था।

बल्क ड्रग पार्क का काम जल्द शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। इस संबंध में शासन को भी पत्र भेजा था। 28 जनवरी को सेवानिवृत्त आईएएस व मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी जनपद में आकर चिह्नित की गई भूमि का निरीक्षण करेंगे। - मनोहर लाल पंथ, राज्यमंत्री
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें