संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में नगर पालिका परिषद ने प्रदेश में 22 वां स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ भारत अभियान 2023 के अंतर्गत किए गए सर्वे में ओडीएफ व पब्लिक फीडबैक और कचरा मुक्त शहर का आकलन किया गया था। इसमें पालिका की स्थिति ठीक रही। वहीं नगर पंचायत तालबेहट भी प्रदेश में 67 व देश में 112 वें पायदान पर रही। पाली व महरौनी फिसड्डी साबित रही हैं।
नगर पालिका व नगर पंचायतों की दशा को सुधारने के लिए स्वच्छ भारत अभियान 2023 के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण किया जाता है। इसमें शहर के ओडीएफ खुले में शौच मुक्त व कचरा मुक्त शहर और लोगों से स्वच्छता की जानकारी ली जाती है। इसके आधार पर नगर निकायों की रेटिंग की जाती है। नगर पालिका ललितपुर समेत नगर पंचायत ताबलेहट, महरौनी व पाली में बीते वर्ष सर्वे किया गया था। इसकी रेटिंग बीते दिनों की गई थी।
बृहस्पतिवार की रात्रि में इसके परिणाम जारी कर दिए गए। इसमें निकायों को दो प्रकार से स्थान दिए गए हैं। इसमें पहला राष्ट्रीय व दूसरा प्रदेश में दिया गया है। परिणाम में ललितपुर प्रदेश में 22 वें स्थान पर रहा है। वहीं राष्ट्रीय रेंक में 136 में पायदान पर रहा है। इसी प्रकार तीन नगर पंचायतों में तालबेहट की स्थिति कुछ ठीक रही है। इसमें तीन तरह से स्थान दिया जाता है। इसमें पहला राष्ट्रीय व दूसरा प्रदेश स्तरीय और तीसरा जोन के आधार पर दिया जाता है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में यह रही स्थिति
निकाय का नाम - राष्ट्रीय रैंक - प्रदेश रैंक - जोन
नगर पालिका ललितपुर - 136 - 22
नगर पंचायत तालबेहट - 112 - 67 - 37
नगर पंचायत पाली - 1213 - 124 - 56
नगर पंचायत महरौनी - 1326 - 167 - 77
-
स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पालिका को प्रदेश में 22 वां व राष्ट्रीय स्तर पर 136 स्थान प्राप्त हुआ है। यह पालिका को गौरव की बात है। इसमें पालिका के सभी अधिकारी व कर्मचारियों और नगरवासियों का सहयोग है।
- निहालचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद