ललितपुर। ग्राम लागौन के पास बाइकों की भिड़ंत में मां की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कस्बा जखौरा निवासी रामप्यारी (60) शनिवार दोपहर को अपने पुत्र सुनील (29) के साथ मध्य प्रदेश के ग्राम गोरा बाइक से जा रही थीं। ग्राम लागौन के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जखौरा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल काॅलेज में चिकित्सकों ने रामप्यारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील को भर्ती कर लिया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक भाग गए थे। थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। आगे की कार्रवाई की जा रही है।