ललितपुर। जिले में 23 जनवरी को ब्लैक आउट का मॉकड्रिल कराया जाएगा। इसमें दस मिनट का जनपद में ब्लैक आउट किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि 23 जनवरी को आयोजित होने वाली मॉकड्रिल के दौरान शाम 06 बजे से 6ः10 बजे तक जनपद में ब्लैकआउट किया जाएगा। सभी क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था बाधित कर दी जाएगी। हवाई हमले की चेतावनी के लिए 2 मिनट तक ऊॅची नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इस समय लोगों को जमीन पर लेट कर शरण लेनी होगी और हवाई हमला समाप्त होते ही सायरन के माध्यम से ऑल क्लियर ध्वनि प्रवाहित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यह केवल एक सुरक्षात्मक एक्सरसाइज है, इससे चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने ब्लैक आउट की स्थिति में आमजन को बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए बताया गया कि एअर रेड सायरन बजने पर शांतिपूर्वक अपने सुरक्षित स्थान पर शरण लें। घबराएं नहीं, बच्चों एवं पूरे परिवार को जागरूक करें। आवश्यक जानकारी व सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम फोन नंबर-05176-272700, 277409, 272613, 1077 पर संपर्क करें। संवाद