संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले नए छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी अब आवेदन पत्र पर अंकित की जाएगी। इन नंबर और ईमेल आईडी को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके साथ विद्यालय की आईडी बनाई जाएगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है।
नया शैक्षिक सत्र एक अप्रैल से शुरू हो गया है और परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के प्रवेश किए जाने लगे हैं। छात्र-छात्राओं को शासन और शिक्षा विभाग से संबंधित सूचनाओं व योजनाओं के बारे में जानकारी मिलती रहे, इसके लिए उनके मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी अब उनके प्रवेश आवेदन पर अंकित किए जाएंगे। इसे माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा, जिससे बोर्ड छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की सूचना या जानकारी दे सके।
माध्यमिक विद्यालयों में संचालित विषय, वर्ग, अध्यापकों, छात्र-छात्राओं के विवरण, विद्यालयों की आधारभूत सूचना, समय समय पर संचालित पाठ्य एवं अन्य गतिविधियों की सूचनाओं से छात्र-छात्राओं, जनसामान्य एवं विभाग को अवगत कराने के लिए विद्यालयों की वेबसाइट भी बनाई जाएगी। जिन विद्यालयों की वेबसाइट तैयार नहीं है, उन्हें जल्द इसे तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।