ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम विनैकामाफी में खेत से घर लौटे एक ग्रामीण की अचानक बेहोश होने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जखौरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम विनैकामाफी निवासी महेश (35) पुत्र लखन सिंह मंगलवार की शाम को खेत पर गया था। थ्रेसिंग के बाद जब घर लौटा तो अचानक से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिस पर परिजन उसे जखौरा सीएचसी केंद्र पर ले गए, हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय ललितपुर रेफर कर दिया। लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। जखौरा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के एक पुत्र है और वह चार भाईयों में तीसरे नंबर का था।