अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शिक्षकों की समस्याओं को लेकर यूटा की टीम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिकेश यादव को ज्ञापन देकर निस्तारण की मांग की।
जिलाध्यक्ष अनिल राठौर ने कहा कि गर्मी के कारण विद्यालयों का समय माध्यमिक स्कूलों की तरह 8 से 12.30 किया जाए। सभी शिक्षकों का वेतन पहले की तरह एक से पांच तारीख तक मिल जाए। शिक्षामित्र और अनुदेशकों का वेतन शीघ्र और समय पर दिया जाए। अध्यापकों को पाठ्य पुस्तक इधर से उधर उठाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। जिला संयोजक सतीश रठानिया ने कहा कि पाठ्य पुस्तकें शीघ्र स्कूलों तक पहुंचाई जाएं। बकाया एरियर का पैसा भी खाते में पहुंचाया जाए। खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेशित किया जाए कि वह अपना बिल और संशोधन 25 तक हर हाल में पहुंचा दें ताकि शिक्षकों का वेतन समय पर पहुंच सके।
महामंत्री प्रमोद तिवारी ने कहा कि नेटवर्क के अभाव में डिजिटल अटेंडेंस का दबाव न बनाया जाए। इस मौके पर यूटा के पदाधिकारी अंशु नामदेव, नवीन कुमार, दिनेश कुमार, गीता साहू, प्रवीण जैन, शिवांक कुमार आदि मौजूद रहे।