संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्त की कमी पूरी नहीं हो पा रही है। यहां क्षमता के मुकाबले महज दस फीसदी रक्त स्टॉक में रह गया है। वर्तमान में ओ निगेटिव व एबी निगेटिव ग्रुप का स्टॉक शून्य हो गया है। ए निगेटिव ग्रुप का एक, एबी पॉजिटिव ग्रुप के दो और बी निगेटिव ग्रुप की तीन यूनिट समेत कुल 31 यूनिट रक्त ही स्टॉक में रह गया है।
ब्लड बैंक में दो वर्ष से क्षमता के मुकाबले 40 फीसदी भी रक्त नहीं हो पा रहा है। बीते जुलाई में बीस फीसदी हो गया था। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह में 60 यूनिट तक स्टॉक हो गया था। लेकिन, अगस्त से खून की खपत बढ़ गई। वर्तमान में प्रतिदिन 18 से 20 यूनिट रक्त लग रहा है। ब्लड बैंक के अधिकारियों के अनुसार एक दो यूनिट रक्त प्लेटलेट्स कम होने पर मरीजों को दी जा रही है। वहीं, सिजेरियन प्रसव व एनीमिया के मरीजों की संख्या अधिक हो गई है। इससे अधिक रक्त लग रहा है।
वर्तमान में रक्तकोष में महज 31 यूनिट रक्त शेष है। दो ग्रुप का रक्त शून्य हो गया है। एबी निगेटिव, ओ निगेटिव ग्रुप का रक्त नहीं है तो ए निगेटिव ग्रुप का शून्य, एबी पॉजिटिव के दो तो बी निगेटिव का तीन यूनिट रक्त बचा है। ओ पॉजिटिव के छह, बी पॉजिटिव के आठ और ए पॉजिटिव ग्रुप का 11 यूनिट रक्त बचा है। ओ निगेटिव व एबी निगेटिव ग्रुप की आवश्यकता होने पर मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है।
-
रक्तकोष की स्थिति
रक्त ग्रुप - यूनिट संख्या
ए पाॅजिटिव - 11
बी निगेटिव - 03
एबी निगेटिव - 00
ओ निगेटिव - 00
ए निगेटिव - 01
बी पॉजिटिव - 08
एबी पॉजिटिव - 02
ओ पॉजिटिव - 06
कुल यूनिट - 31
-
रक्तकोष की कमी पूरा करने लिए रक्तदान करने वाली संस्थाओं से संपर्क किया जाएगा। शिविर लगाकर रक्त की कमी पूरी की जाएगी।
- डॉ. एमएस राजपूत, प्रभारी, ब्लड बैंक