तालबेहट। मप्र में हो रही लगातार बारिश का असर जनपद की प्रमुख बेतवा नदी पर बने राजघाट, माताटीला और सुकुवा ढुकुवा बांध पर दिख रहा है। जिसके चलते तीसरे दिन भी माताटीला बांध के बीस गेटों को दो फीट की ऊंचाई से खोल कर पानी की निकासी की गई। इससे सुकुवा ढुकुवा बांध में भी पानी का स्तर बढ़ गया।
इस समय मध्य प्रदेश के विदिशा, रायसेन आदि जिलों में लगातार हो रही बारिश का असर जनपद के बांधों पर दिखने लगा है। जिसके चलते राजघाट बांध से छोड़े जाने का क्रम जारी है। राजघाट से पानी छोड़े जाने के कारण माताटीला बांध में पानी का स्तर बढ़ गया। जिसे संतुलित बनाए रखने के लिए रविवार को तीसरे दिन बांध के बीस गेटों को दो फीट की ऊंचाई से खोल कर लगभग 52 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। बांध से पानी के छोड़े जाने से सुकुवां-ढुकुवा बांध में पानी की गिरने की मात्रा अधिक हो जाने से रिपटे के ऊपर से जाने वाले पानी की मात्रा अधिक हो गई है। बांध से गिरते पानी के विहंगम दृश्य को देखने के लिए आसपास के क्षेत्र से सैलानी पहुंचे।
रविवार को लगा रहा सैलानियों का जमघट
माताटीला बांध के बीस गेट खुलने और सुकुवा ढुकुवा में भी अधिक पानी छोड़े जाने की जानकारी के बाद रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण आसपास के क्षेत्र से भारी संख्या में सैलानी बांध पर पहुंचे। जहां माताटीला में वाहन पार्कि ंग के नाम पर लोगों ने बाहरी बाहन चालकों से जमकर वसूली की। जिसको लेकर विवाद भी हुए। वही सुकुवां ढुकुवां में तो रिपटे पर आवागमन बंद रहा। कुछ लोगों ने रिपटे के ऊपर पानी में जाने का प्रयास किया तो मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक दिया।