ललितपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण के खिलाफ जारी जंग में साइकिल व्यवसायी अजय जैन ने मास्क को हथियार बनाया है। कोरोना काल की शुरुआत होते ही वे निर्धन लोगों की मदद के लिए सक्रिय हो गए थे। पूड़ी सब्जी के पैकेट बनवाकर कई बस्तियों में उनका वितरण कराया, साथ ही मास्क भी वितरित किए। यह सिलसिला उन दिनों में जारी रखा, जब लॉकडाउन में लोग घरों से निकलते समय कई बार सोचते थे। उस दौरान तमाम लोगों को जरूरत चीजें उपलब्ध करवाई व कोरोना बचाव के तरीके अपनाने के लिए प्रेरित किया। इनमें मास्क को जरूरी बताया और कहा कि आपसी दूरी बनाकर एवं बार-बार हाथ धोने से भी महामारी से बचा जा सकता है। अब भी वे अपनी साइकिल दुकान से प्रतिदिन मास्क का वितरण कर रहे हैं, साथ ही दुकान पर कार्यरत कर्मचारियों को प्रतिदिन सैनिटाइजर का प्रयोग करने की भी सलाह देते हैं।