झांसी। बागेश्वर धाम से लौटने के बाद विवाहिता ने घर में जहर खा लिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
टीकमगढ़ के दिगौड़ा गांव निवासी लक्ष्मी शर्मा (30) पत्नी हेमंत शर्मा परिवार के साथ इंदौर में रहती थी। पति हेमंत इंदौर नगर निगम में आउटसोर्स कर्मचारी हैं। शुक्रवार को वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम गई थी। यहां एक दिन ठहरने के बाद शनिवार को वह परिवार के साथ अपने मायके टीकमगढ़ आ गई। पिछले दो दिन से वह यहीं पर थी।
रविवार शाम परिवार के लोग किसी काम से बाहर चले गए थे। वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। देर-शाम जब परिवार के लोग घर पहुंचे तब वह अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थी। परिवार के लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसकी नाजुक हालत देख इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया।
दो दिन उपचार के बाद मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों का कहना है कि लक्ष्मी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी वजह से वह लोग उसे लेकर बागेश्वर धाम गए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।