अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। धनतेरस से पहले बृहस्पतिवार को पुष्य नक्षत्र में ग्राहकों के लिए बाजार सज गए हैं। बुधवार देर शाम तक सराफा और वाहनों के शोरूम को भव्य रूप से सजाया गया। कारोबारियों का कहना है कि महंगाई के बाद भी ग्राहक शगुन के लिए कुछ न कुछ जरूर खरीदेंगे। अलग-अलग डिजायनों के आभूषण दुकान पर उपलब्ध हैं।
दो पहिया वाहनों के शोरूम पर ग्राहकों ने मनमाफिक रंग के वाहनों की बुकिंग करा ली है। विद्वतजनों का कहना है कि नक्षत्रों का सम्राट पुष्य नक्षत्र गुरुवार को पड़ने के कारण यह दिन और अधिक शुभ हो जाता है। यह नक्षत्र 24 घंटे से अधिक समय तक रहेगा, इसलिए सारे दिन खरीद फरोख्त और भूमि आदि का बैनामा कराना शुभ होगा।
सर्व नक्षत्रों में श्रेष्ठ पुष्य नक्षत्र में भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ था। आज के दिन पूजन-अर्चन के साथ इस नक्षत्र में संपत्ति, स्वर्ण, चांदी आदि क्रय करना शुभ रहता है। -डॉ राजेंद्र दास महाराज, मलूक पीठाधीश्वर।
गुरु पुष्य नक्षत्र बड़ा ही सिद्ध मुहूर्त होता है, जिसमें मंत्र अनुष्ठान सिद्ध करने, यंत्र लेखन करने के लिए बड़ा ही प्रशस्त माना गया है। इस मुहूर्त में व्रत रख व पूजा पाठ करके मनोवांछित फल प्राप्त होता है। आज के दिन सोना-चांदी, वाहन, भूमि आदि क्रय करना शुभ होता है।- महामंडलेश्वर चंद्रेश्वर गिरि महाराज, चंडी पीठाधीश्वर।
पुष्य नक्षत्र में महालक्ष्मी की आराधना श्रेष्ठ फलदायक होती है। आज के दिन सोना, चांदी, वाहन, जमीन आदि क्रय के साथ ही शुभ कार्य करने का विशेष महत्व होता है। पुष्य नक्षत्र में किया गया प्रत्येक कार्य शुभ होता है।-महंत रामलखन दास महाराज
निवेश, नई वस्तुओं में सोना, चांदी, वाहन, भूमि आदि की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इस दौरान जप, तप, दान, पुण्य भी श्रेष्ठ फलदायक होता है। लक्ष्मी जी की आराधना करें।-महंत गंगादास महाराज, श्रीनृसिंह मंदिर
नवरात्र के बाद महंगाई के कारण सुस्त पड़े बाजार में पुष्य नक्षत्र से रौनक आएगी। उम्मीद है कि आज से बाजार दीपावली तक गुलजार रहेगा। ग्राहकों के लिए अलग-अलग डिजाइन की ज्वैलरी के साथ ही चांदी के गणेश लक्ष्मी के सिक्के उपलब्ध रहेंगे।-शुभम जड़िया, सराफा कारोबारी
पुष्य नक्षत्र में दो पहिया वाहन की खरीदारी के लिए आज ही लोगों ने बुकिंग कराई है। उम्मीद है कि इस साल कारोबार गत वर्षों से अच्छा रहेगा, क्योंकि सरकार ने कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन देने का आदेश दिया है।-सुधीर कुमार श्रीवास्तव, ऑटो मोबाइल कारोबारी