महरौनी। नगर पंचायत के तत्वावधान में चल रहे महरौनी महोत्सव में बुधवार की रात को सदभावना मंच पर श्रीराम कृष्ण ब्रज लोक कला केंद्र, वृन्दावन के कलाकारों द्वारा महा रासलीला की गई। श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं का मंचन किया गया।
मुख्य अतिथि प्रदीप जैन आदित्य ने बाल गोपाल की आरती उतारी। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने कहा कि महरौनी जैसी छोटी सी जगह में इतना भव्य आयोजन कराने के लिए आयोजक नगर पंचायत और सभी सहयोगी बधाई के पात्र हैं। विशिष्ट अतिथि चांदनी किन्नर ने महरौनी में महारासलीला का आयोजन सराहनीय बताया। दूसरे दिन कलाकारों ने श्री राधा कृष्ण और गोपियों के स्वरूपों के साथ वृन्दावन का महारास प्रस्तुत किया जिसे देख कर लोग खूब आनंदित हुए। महारास के बाद कलाकारों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के प्रसंगों में यमलार्जुन उद्धार का मंचन किया। इस दौरान चंद्र खिलौना माँगने की बाल हठ और माखन चोरी की लीलाओं ने मन मोह लिया। वहीं मनसुखा और यशोदा मैया के हास्य अभिनय संवाद ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बडौनियां, दुष्यंत बडौनियां, सभासद अनूप अहिरवार, जाकिर अली, उदयभान सिंह,प्रेमनारायण साहू, नीलेश श्रीवास्तव, मुकेश श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, अभय दुबे, पूरनलाल पाटकार, राजेश झा, संजय पांडेय भारत मौजूद रहे।