संवाद न्यूज एजेंसी
सौजना/ललितपुर। मध्य प्रदेश निर्मित देशी शराब की पेटियों से लदी स्कार्पियो कार सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में रखी शराब की पेटियों को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल करने में जुट गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त कार मध्य प्रदेश से अवैध शराब की तस्करी कर रही थी।
थाना सौजना अंतर्गत ग्राम सडकौरा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो शनिवार को सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। जिससे कार में रखी मध्य प्रदेश निर्मित देशी शराब पेटियाें में रखे क्वार्टर खेत में जहां-तहां बिखर गए थे। कार पलटने की जानकारी होने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खेतों में पड़े क्वार्टर सहित साबुत बची शराब की पेटियों को अपने कब्जे में ले लिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि मध्य प्रदेश से उक्त शराब तस्करी करके कहीं जा रही थी। अब पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। थानाध्यक्ष सौजना स्वाति शुक्ला ने बताया कि खेत में दुर्घटनाग्रस्त पड़ी मिली स्कार्पियो कार में एमपी निर्मित देशी शराब की करीब 5-8 पेटियां रखी मिली। शराब की पेटी कार पलटने से फट चुकी थी और क्वार्टर खेत में बिखरे मिले। मामले की जांच की जा रही है। शराब तस्कर दुर्घटनाग्रस्त कार की नंबर प्लेट निकालकर भाग गए है। जल्द ही शराब तस्करी करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।